गूगल सर्च में भाजपा प्रत्याशी सोनाली फोगाट ने अन्य नेताओं को पीछे छोड़ा

हरियाणा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले लोग राज्य के नेताओं के बारे में गूगल पर भी सर्च कर रहे हैं। राज्य के सभी बड़े नेताओं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा समेत रणदीप सिंह सुरजेवाला, अभय चौटाला और कुलदीप बिश्नोई जैसे नेताओं को लोग गूगल पर सर्च कर रहे हैं। लेकिन गूगल ट्रेंडिंग पर सर्च के मामले में भाजपा प्रत्याशी टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट ने सभी बड़े नेताओं को पीछे छोड़ दिया है। हरियाणा के इस चुनाव में वे फिलहाल सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली राजनीतिक हस्ती हैं। भाजपा ने उन्हें आदमपुर से चुनावी मैदान में उतारा है और तब से ही वे ट्रेंड में बनी हुई हैं।


लोग सोनाली फोगाट को लेकर काफी ज्यादा उत्सुक हैं और लगातार गूगल पर उनकी उम्र, उनके वीडियोज और उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में सर्च कर रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो चुनाव का टिकट मिलने से पहले तक लोग उनके बारे में बिल्कुल भी सर्च नहीं कर रहे थे। लेकिन जैसे ही भाजपा ने उन्हें टिकट देने की घोषणा की, अचानक वे लाइमलाइट में आ गईं और तब से ही ट्रेंडिंग में छा गईं। लोगों ने उन्हें इतना सर्च किया है कि इस मामले में वे हुड्डा और खट्टर से भी आगे निकल गईं।


सर्चिंग के मामले में सोनाली अन्य नेताओं से कई गुना आगे हैं। हाल के कुछ दिनों में सोनाली को हरियाणा से ज्यादा हिमाचल प्रदेश, असम, उत्तराखंड, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में सर्च किया गया है। इसके अलावा उनके बारे में सर्च करने वाले लोग सिर्फ भारत में ही नहीं हैं। उन्हें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा जैसे कई देशों में भी जमकर सर्च किया जा रहा है। 


सोनाली फोगाट हरियाणा बीजेपी महिला मोर्चो की नेता और सोशल नेटवर्किंग एप टिक-टॉक की स्टार हैं। यहां उनके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सोनाली मूल रूप से हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली हैं, जिनकी शादी हिसार जिले में रहने वाले संजय फोगाट से हुई थी। जिनकी मृत्यु साल 2016 में अपने बड़े भाई के फॉर्म हाउस पर हो गई थी। सोनाली की एक बेटी है, जो स्कूली पढ़ाई कर रही है। सोनाली अभिनेत्री भी हैं और उन्होंने छोटे पर्दे पर कई धारावाहिकों में भी काम किया है।