मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इंदौर में आम जनता को कोरोना से बचाने के लिए डॉक्टर्स, समाजसेवी, राजस्व, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस- प्रशासन, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के कार्यों की प्रशंसा की और बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को हम सब मिलकर पराजित कर देंगे। मानवता के विरुद्ध कोरोना द्वारा छेड़े गए युद्ध में हमारी विजय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप निरंतर पीड़ित मानवता की सेवा में कार्य कर रहे हैं। आपके इस जज्बे को प्रणाम करता हूं। इस महामारी से निपटने में आप जुटे रहें, मैं भी आपके साथ हूं। आप लोगों से इंदौर आने पर मिलूंगा भी। मुख्यमंत्री ने आज मंत्रालय में बैठकर न सिर्फ इंदौर की कोरोना के स्टेट्स की जानकारी ली, बल्कि विभिन्न वर्गों से फोन से बात करते हुए उन्हें कहा कि आप लोग घरों में रहे, लॉकडाउन का पालन करें। आइसोलेशन पर निरंतर ध्यान दें। इंदौर की जनता अपने दृढ़संकल्प से जीत हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने इंदौर के कमिश्नर आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र से भी बात की। मुख्यमंत्री ने प्रमुख रूप से उपचार कार्य, सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने, रोगियों के सैंपलों की लैब में जांच, लोगों को घर से न निकलने की समझाइश देने, सैनिटाइजेशन व्यवस्था, किराने का सामान और फूड पैकेट्स वितरण, अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था रखने, छात्रावासों में भोजन, क्वारैंटाइन, बेड व्यवस्था और स्वच्छता के कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने इंदौर में कोरोना मरीजों को 450 बेड के हॉस्पिटल की सुविधा देने के लिए डॉ. विनोद भंडारी, राज्य के बाहर से आए करीब 500 श्रमिकों का ठहरने के इंतजाम के लिए राधा स्वामी सत्संग इंदौर के जगदीश सिंह, सहायता कोष में 11 लाख रुपये की राशि देने के लिए गीता भवन ट्रस्ट इंदौर के गोपालदास मित्तल, संक्रमिताें का उपचार कर रहे डॉ. संजय अवास्या, डॉ. मनीष पुरोहित और डॉ. सरिता पांडे को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने स्टाफ नर्स श्वेता गुडविन और आशा कार्यकर्ता फिजा फातिमा को भी कोरोना संक्रमित रोगियों की सेवा के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने अपर कलेक्टर इंदौर पवन जैन, तहसीलदार दिनेश सोनरतिया, पटवारी अविनाश मिश्रा, उप संचालक पिछड़ा वर्ग वेद प्रकाश श्रीमाली, आरआई जयसिंह तोमर, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम अखिलेश उपाध्याय, वर्कशॉप प्रभारी मनीष पांडे, जोनल ऑफीसर वैभव देवलासे, स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज धौलपुरे का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों के कुछ अन्य पदाधिकारियों का भी आभार माना। इनमें डॉ. निशांत, देवेन्द्र चंद्रवंशी सहित कुछ रोगी भी शामिल हैं जो उपचार प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही यह संकट समाप्त हो जाएगा। हर हाल में हमारी विजय होगी। आप सभी अपने प्रयासों में लगे रहें। परिणाम अच्छे आएंगे और हम इंदौर शहर के साथ ही प्रदेश और देश को इस रोग से बचाने में सफल होंगे।